Friday, 12 August 2011

नज़्म मेरी -

ज़िन्दगी दरवाज़े से हर बार गयी
मौत सिरहाने कई रात गुज़ार गयी 

कभी जो मेरा जिगर ना हुआ
आँखों ने समंदर बहा दिया
की बैठे थे थक कर इस पार
और नज़र फिर उस पार गयी
मौत सिरहाने कई रात गुज़ार गयी 

मोहब्बत के दाम बढें
और दर्द-ओ-गम बिकने लगें
एक ज़ख्म भरा भी ना था
की किस्मत आज फिर बाज़ार गयी
मौत सिरहाने कई रात गुज़ार गयी 

जल चुकी है रूह कब से अंदाज़ पे
अब जलता है जिस्म हर अलफ़ाज़ पे
यूँ ख्यालों को छल्ली कर के
मुझे आखिर मेरी नज़्म ही मार गयी
मौत सिरहाने कई रात गुज़ार गयी

Thursday, 11 August 2011

किसे क्या कहें -

किसको अच्छा कहें और बुरा किसे कहें
दिल में है तो ख़लिश पर यहाँ किसे कहें

जहां पीठ पर भी आँखें लगाये फिरना है
ऐसे माहौल में हम अपना किसे कहें

झोंखे भी ऐसे की साँसे जला देते हैं
गर ये हवा है तो फिर धुआं किसे कहें

भूखा है यहाँ मतलब का हर कोई
सोचता है ख़ुदा की अब सजदा किसे कहें

भूखे बच्चे को रोटी, कोई ख्वाहिश नहीं होती
ऐसी गुज़ारिश ना हो पूरी तो ख़ुदा किसे कहें

Tuesday, 9 August 2011

बारूद -

झूठ की शक्ल हर शब बदलती है
सच का चहरा नाबुद रहता है

कोई पक्का पता नहीं उनकी ज़ुबां का
वो
कहीं, और कहीं उनका वजूद रहता है
 
कौन आता है यूँ ही बेमतलब मिलने को
आज
कल इन्सान से मायूस, ख़ुदा भी ख़ुद रहता है
 
शहर भर में, घर मेरा मशहूर है
कहते
हैं वाइज़ जाना वहां तो मरदूद रहता है
 
कई दिलों में अब तक आग लगा चूका हूँ
मेरी
बातों में अक्सर थोड़ा बारूद रहता है

ज़िन्दगी का चहरा -

पेड़ों की टहनी गिर के इशारा करती है
चलो यार, अरसा गुज़र गया
आज कल कांधो पर झूलने नहीं आते

लम्बी खाली सडकें
ख़ामोशी से फुसफुसाती है
बहुत सी बातें करनी है तुम से
चलो एक long drive पे चलते हैं  

हवाओं में तैरती रही कटी पतंग
मानो कह रही हो, लपक लो यार
बहुत खिंच लिया खुद को
अब थोड़ी ढिल भी दे दो
 
वह तारों से भरा आसमान
हर रात आँखें टिमटिमा कर कहता है
कभी एक बार तो लौट आओ
मेरे आँचल में नींद गुज़ारने
मैंने कई कहानिया सजा रखी है तुम्हारे लिए
 
यूँ ही कभी गलियों में
तो कभी किसी चौराहे पर
ज़िन्दगी अक्सर पुकारती है
हजारों चेहरे पहनकर

क़त्लनामा -

किसी हादसे में 
मैंने मेरा एक ख़्वाब खो दिया
अब कौनसा ख़्वाब देखूं मुक़म्मल होने को
यहाँ हादसे भी तो बहुत होते हैं
क्या ये मेरे कुछ ना कर पाने का बहाना  है
या आनेवाले कल का डर 
लोग आशा की किरण क्यों ढूँढते हैं 
क्या रोज़ सूरज का उगना काफी नहीं
या अब कुछ कर दिखाने की चाह नहीं रही 
कब तक अपनी कमज़ोरियों को
नक़ाब पहनायेंगे
कब तक अपनी हार को
किस्मत का नाम देंगे
क्यों अपने आप के 
दुश्मन बने जाते हैं
और अपने क़त्लनामे पर 
सबसे पहली मुहर खुद लगाते हैं

चाँद का आयना –

निकलो तुम आज फिर
रात को निखरने दो
देखकर आयना कभी
चाँद को भी सवरने दो
 
उतार दो ये बिंदी
वहाँ तारों को जड़ना है
खुली रखना जुल्फें
अभी बादलों को उड़ना है
 
उठाकर पलकों को
समन्दर को जलने दो
देखकर आयना कभी
चाँद को भी सवरने दो
 
गुमसुम ये जहान
तेरी आवाज़ को बेक़रार है
लबों की हलचल का
कलियों को इंतजार है
 
तुम से चुराकर अदाएं
फूलों को भी तो खिलने दो
देखकर आयना कभी
चाँद को भी सवरने दो
 
चल थोडा लहराकर
आवारा सड़कों को संभलना है
लट हटा गालों से
जुगनुओं को पिघलना है
 
बाहों से आवाज़ देकर
आज आसमाँ को भी गिरने दो
देखकर आयना कभी
चाँद को भी सवरने दो

निकलो तुम आज फिर
रात को निखरने दो
देखकर आयना कभी
चाँद को भी सवरने दो

Thursday, 2 June 2011

रिश्तों का फासला –


वो बूढ़ा पके हुए बालों से,
मेरे बाबूजी की तस्वीर बना रहा था 

वो अधेड़ उम्र की औरत,
जैसे मेरी माँ का नक़ाब पहने थी 

वो लड़का जिसने किसी लड़के के सर छाता खोला,
बिलकुल मेरे भाई सा लगता था
 
शायद मैं रिश्तों के करीब आया हूँ,
या शायद दूर जाता देख

रिश्तों ने आवाज़ दी होगी... 

Wednesday, 18 May 2011

राहें अपनी –


राहें तो अपनी कभी
हमको भी बनानी थी
पर हर राह से गुज़रने को
हमें रिश्वत खिलानी थी
 
दुआओं से बढ़कर
कुछ हाथ आया
खाख़ ज़माने की
हमनें भी छानी थी
 
पल भर में कटकर
आँखों से ओझल हुई
पतंग ख्वाहिशों की जो
हमको भी उड़ानी थी  

झुककर खड़ा हूँ
ज़ानो पे धरा हूँ
बोरी ख्वाबों की जो
कांधों पे उठानी थी  

वह जिद्द भी कैसी थी
जिस में जवानी जला दी
किस्मत से लड़ने की
जो बचपन में ठानी थी

Thursday, 5 May 2011

ग़ालिब -

हम अपने से ऊंचे औहदे को 
अपनी राय बना लेते हैं 
यही एक वजह है 
की सदियाँ बीत गयी 
और ग़ालिब नहीं लौटा 

दूकान -

दूकान खुली है...
चवन्नी की झूठी मुस्कान 
बिलकुल असली लगेगी
दो आने प्यार की शीशी 
सुबह उठते ही एक बूँद 
आँखों में डालनी है 
बारह घंटे मजाल है 
कोई पकड़ के दिखाये
यहाँ ऑफर भी है
आप जो चाहें खरीदें 
एक सच मुफ्त मिलेगा 
पर कोई guarantee नहीं 
चलेगा  या  नहीं  चलेगा

आयने से मुलाकात -

अरसों बाद फिर वही बात हुई
कल शब आयने से मुलाकात हुई
 
कैसे आँखों में बिता था बचपन
चिलमिलाती धुप, चाँदनी रात हुई

बहाने पैरों को थिरकने के
कभी बर्थ डे, कभी बारात हुई

हर बात पे बस मुस्कुराना था
फिर चाहे जो भी बात हुई
 
अनबन हुई दोस्तों से कभी
तो करवटों में सारी रात हुई
 
मासूम ख्वाहिशें भीगती
की जब भी कभी बरसात हुई

ज़िन्दगी ज़िंदा नन्ही हथेली के साथ हुई
छूटकर जाने वो किसके हाथ हुई

अरसों बाद आयने से मुलाकात हुई

नये ज़माने की पुताई -


गहरे काले धब्बे, ताज़ा मुहासे,
८० साल पुरानी झुर्रियाँ, चेचक के दाग़
और चहरे के चुनिन्दा अवगुण से बना है
शुद्ध अहंकार...
चहरे पर मलते ही, ये सब ना होकर भी नज़र आयेंगे.
१००% कुदरती है
साइड इफेक्ट केवल रिश्तों पर पड़ेगा.

दिन बदल गया -


पैड-पौधे, हरी खिलखिलाती पत्तियां
फूलों की रंगत, रंगीन तितलियाँ
पत्तियों से सरकती ओस की बूँदें
गीली मिट्टी से उठती सोंधी सोंधी खुशबू
हवा की सरसराहट और चिड़ियों की किलकारियां
रंगों को निखारती सूरज की नर्म किरने

दिन जागा ही था
की मोटरों के होर्न और धुंए में
सब धुन्दला हुआ

मुखोटों के मूँह नहीं लगते -

हम मुखोटों के मूँह नहीं लगते
वरना देर नहीं लगती तख्ता पलटते

ऐसी भी क्या रंगीन हुई दुनिया
की देखा किया हर पल रंग बदलते

झूठ के दरख्तों पर हरियाली छाई है
सच की शाखों पर अब रिश्ते नहीं पकते

सन्नाटे की आदत -

कोई आहट होती है
तो
राहत होती है
सन्नाटे की भी
कैसी
आदत होती है  
ख़यालों के बुलबुले से बनते हैं
फूटते हैं... बिखरते हैं ...
ज़िद्दी उछलते बच्चे हैं ये
लाजवाब सवाल करते हैं
ज़हन से कूद कर निकले
तो फ़िर शरारत होती है

डर सा लगता है
अब तो इन से
पर तब जो...

कोई  आहट  होती  है
तो  राहत  होती  है
सन्नाटे  की  भी
कैसी  आदत  होती  है

तो चलो ...


तो चलो लहू में
थोड़ी शराब घोली जाए
की जो अब के जिगर से गुज़रे
तो क़यामत ढाए
 
बड़ी देर से बैठे हैं
एक ख़याल के इंतज़ार में
सूखे पड़े हैं ज़हन में
मेरे सोच के फ़व्वारें

एक प्याला भी मिल जाए
तो डूब के नहाए  

दिल को निचोड़ा जो मैंने
तो बूंद बूंद शेर निकला
देखा जो उसे गौर से
तो ज़र्रा ज़र्रा गैर निकला
 
घूँट भर भी मय मिल जाए  
फिर क्या अपने क्या पराये 

तो चलो ...